अजय शुक्ल, नई दिल्ली।
राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पूंजीपति गौतम अडानी के लिए काम करने के खिलाफ कांग्रेस पार्टी रविवार को दिल्ली में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि सहित देशभर में संकल्प सत्याग्रह कर रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित तमाम बड़े नेता और कार्यकर्ता सुबह 10 बजे से सभी राज्यों में जिला और ब्लॉक स्तर पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं।
राजघाट पर सत्याग्रह के दौरान प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि आज तक हम चुप रहे हैं, आप और पूरी भाजपा हमारे परिवार का अपमान करते रहे हैं। मेरे भाई ने कहा- मैं आपसे नफरत नहीं करता। हमारी विचारधारा अलग है। मैं पूछना चाहती हूं कि एक आदमी का कितना अपमान करोगे। शहीदों का कितना अपमान करोगे। उन्होंने कहा कि लगा दो मुझ पर केस मुझ लेकिन सच ये है कि देश का प्रधानमंत्री कायर है।
कांग्रेस के सत्याग्रह को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने राजघाट क्षेत्र में रविवार को धारा 144 लागू कर दी थी, लेकिन कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता यहां पहुंचते रहे। यह सत्याग्रह और उसमें नेताओं के विचार का कार्यक्रम शाम 5 बजे खत्म होगा।
राहुल गांधी ने ट्विटर पर अपने बायो में लिखा डिस्क्वालीफाइड सांसद
रविवार को अखिल भारतीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नेता राहुल गांधी ने ट्वीटर पर अपना परिचय बदल लिया है। अब उन्होंने अपने परिचय में लिखा है कि Member of the Indian National Congress | Dis’Qualified MP भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्य और अयोग्य घोषित सांसद। उन्होंने अपने एक ट्वीट में कहा “मैं सच्चाई बोलता हूं, देश की ख़ातिर बोलता हूं। और आखिरी दम तक सच के रास्ते पर ही चलूंगा। प्रधानमंत्री जी, बताइए #20000CroreKiskeHain” ।
सत्याग्रह में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा– राहुल गांधी ने जब इस मुद्दे को उठाया तो उन्हें दबाने के लिए ये भाजपाई मानहानि के केस का तमाशा कर रहे हैं। ये एक साजिश है जिसके खिलाफ राहुल गांधी लड़ रहे हैं। पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। यह सत्याग्रह सिर्फ आज के लिए है लेकिन ऐसे सत्याग्रह पूरे देश में किए जाएंगे। राहुल गांधी आम जनता के लिए लड़ रहे हैं। बयान राहुल गांधी ने कर्नाटक में दिया था लेकिन मुकदमा गुजरात में क्यों स्थानांतरित हुआ था। भाजपा के पास कर्नाटक में मानहानि का मुकदमा दायर करने की शक्ति नहीं थी।
इस मौके सलमान खुर्शीद ने कहा- राहुल गांधी जी को एक कानून के तहत जिम्मेदार ठहराया गया है। हमारा मानना है कि इसे उलटने के लिए अपील ही सही रास्ता है। एक वकील के तौर पर मैं साफ तौर पर दिखा सकता हूं कि फैसले में तमाम खामियां हैं, जो विधि के विरुद्ध हैं।
कांग्रेस के सत्याग्रह में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के भजन चल रहे हैं…
प्रदर्शन से पहले महात्मा गांधी का प्रिय भजन वैष्णवजन गाया गया।
सिख विरोधी दंगों के आरोपी जगदीश टाइटलर भी सत्याग्रह में शामिल हुए।
पुलिस के मुताबिक कांग्रेस को राजघाट पर प्रदर्शन की इजाजत नहीं मिली है, वहां धारा 144 लागू कर दी गई है।
सदस्यता जाने के बाद राहुल ने कहा था- सावरकर नहीं गांधी हूं, गांधी माफी नहीं मांगता
‘सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है…’, राहुल के इस बयान से जुड़े मानहानि केस में सूरत की कोर्ट ने गुरुवार दोपहर 12.30 बजे राहुल को 2 साल की सजा सुनाई थी। लेकिन 27 मिनट बाद जमानत दे दी। सजा के 26 घंटे बाद शुक्रवार को उनकी सदस्यता खत्म कर दी गई। 23 घंटे बाद शनिवार को राहुल, प्रियंका के साथ कांग्रेस ऑफिस पहुंचे और 28 मिनट मीडिया से बातचीत की।
हिन्दुस्तान का लोकतंत्र खतरे में है… राहुल ने इसी लाइन के साथ अपनी बात की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने सवाल किया- अडाणी और मोदी का रिश्ता क्या है? उन्होंने केंब्रिज यूनिवर्सिटी में लोकतंत्र पर कही अपनी बात और सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है… वाले बयान पर सफाई भी दी। चाहे स्टेट हो कुछ भी हो। मैं सच्चाई को देखता हूं। मुझे और किसी चीज में रुचि नहीं है। मैं सच्चाई बोलता हूं। राजनीति में यह फैशनेबल बात नहीं है। मगर ये बात मेरे खून में है। मैं और कोई रास्ता निकाल ही नहीं सकता हूं। तो ये मेरा काम है। यही मेरी तपस्या है। जीवन की तपस्या है। इसे मैं करता जाऊंगा। चाहे मुझे डिस्क्वालिफाई करें। मारें-पीटें। चाहे जेल में डालें। मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। इस देश ने मुझे सबकुछ दिया है।